PROUD TO BE AN INDIAN
We are all INDIAN before a Hindu, Muslim, Sikh aur Isai or a Bihari, Marathi, Bengali etc. Love to all human being........
सोमवार, 23 नवंबर 2026
गुरुवार, 5 मार्च 2026
एक अधूरी ख्वाहिश तुमसे मुलाक़ात की
कुछ दिनों पहले जानकारी मिली कि तुम जमशेदपुर आई हुई हो. हालांकि मैं अगस्त महीने के लिए इंतज़ार कर रहा था. कारण कि पिछले कुछ सालों से तुम अमूमन अगस्त महीने जमशेदपुर आ रही थी. अचानक फ़रवरी - मार्च के दौरान तुम्हारा इस शहर में मौजूद रहने की जानकारी मिलते ही न जाने क्यूँ ह्रदय में तुमसे एक बार फिर से मुलाक़ात की ख्वाहिश जाग गई.
मैंने तुमसे मुलाक़ात की अर्जी भी लगा दी. इस बार मुलाकात की ख्वाहिश के साथ दोपहर का लंच भी करने की अर्जी लगाई. कई सारे इफ बट के साथ 5 मार्च की अर्जी मैंने लगाई क्यूंकि मिली जानकारी के अनुसार तुम 6 मार्च को जमशेदपुर से वापस जा रही थी.
3 मार्च को ऑफिस जाते समय तुम्हारे लिए कुछ नमकीन ले लिए और ऑफिस में रख आया. 4 को ऑफिस की छुट्टी थी, दिन से लेकर रात तक होली के माहौल के बीच तुम्हें याद कर करके तुझसे मुलाक़ात की हसरत में गुजार दिए.
5 मार्च, इस उम्मीद के साथ ऑफिस गया कि पता नहीं कब तुमसे मुलाक़ात का समय मुझे बताया जाये और मुझे तुरंत निकलना पड़े इसी इंतजार में एक-एक पल बोझ जैसे काटता रहा और पूरा दिन तुमसे मुलाक़ात की अधूरी ख्वाहिश में बीत गया.
पिछले पांच छह दिनों से तुमसे मुलाक़ात की बेचैनी में एक एक पल काटना मुश्किल लग रहा था. आज जब 5 मार्च बीत चूका और कल 6 मार्च को तुम जमशेदपुर से वापस भी चली जाओगी, तुमसे मुलाक़ात की मेरी अधूरी ख्वाहिश यह सोचने को विवश कर रही है कि आखिर इस मुलाक़ात की ख्वाहिश का क्या औचित्य था? तुमने तो कभी भी (1994 से आजतक) मुझे पल भर के लिए भी अपनी जिंदगी के किसी पल का हिस्सा माना ही नहीं तो फिर मेरे ह्रदय में आखिर तुमसे मुलाक़ात की ख्वाहिश क्यूँ? मेरे एकतरफा रिश्ते को अब तुम्हारी जरुरत क्यूँ?
(2026-1994) लगभग 32 वर्षो के पागलपन में आज भी तुम्हारे साथ एक लगाव का जुड़ा रहना अपने आप में एक सुखद एहसास दिलाता है. तुम जहाँ रहो खुश रहो, ईश्वर से यही कामना है. अपना ध्यान रखना.
उम्र के इस पड़ाव में भी काफ़ी कुछ अनुभव प्राप्त हो रहा है. काश! तुम मुझे, मेरे एहसासों को समझ पाती!
गुरुवार, 7 अगस्त 2025
सजदा (एक मुलाक़ात मेरे दिल की उसके धड़कन से)
आज का दिन मेरे जीवन के सबसे यादगार दिन के रूप में कैद हो गया. आज 31 वर्षो के बाद मेरे दिल की धड़कन के सामने मुझे घंटो बैठने का सौभाग्य हासिल हुआ जिसने कभी मुझसे "हम आपको लाइक नहीं करते हैं" कहकर मेरे ह्रदय के एहसासों को तार तार कर दिया था इसके बावजूद जिसके एहसास मेरे साथ मेरी परछाई बनकर पिछले 31 वर्षो से मेरे साथ रहगुजर कर रही थी. हालांकि उससे मेरी व्यक्तिगत मुलाक़ात वर्ष 2000 के बाद लगभग 25 वर्षो बाद हुई. (मुलाक़ात - पहली और आखिरी)
आज की मुलाक़ात में मैंने सिर्फ उसके - मेरे जीवन की कुछ यादगार कहानी को बेहद सरलता से उसके साथ शेयर किया और वो शांत होकर मेरी कहानी सुनती रही. इस दौरान कुछ ही किस्से कुछ ही कहानी आज उसे सूना पाया जबकि दिल में दफ़न अधिकांश किस्से दिल में ही दफ़न रह गए, उन किस्से कहानी को न तो उससे कह पाया और न ही उससे कह पाया कि "आज भी उसे नहीं भूल पाया हूँ, मेरी परछाई में आज भी उसके एहसास काबिज हैं". इतना ही नहीं अपने साथ 1996 से 2001 के दौरान लिखें कुछ डायरी भी साथ ले गया था. उनमें लिखी कुछ दिल की कहानी को येल्लो टैग करके ले गया था कि उसे पढ़ाऊंगा, बहुत हिम्मत करके डायरी उसके सामने निकाल तो ली मगर अफ़सोस कि उसके किसी शब्द को मैं उसे पढ़ाना तो दूर उसे खोलकर दिखाने की हिम्मत तक नहीं जुटा पाया.
इन सबके बावजूद उसके साथ बिताये कुछ घंटे मुझे जीवन भर की संतुष्टि प्रदान कर रहे. मेरा जीवन धन्य हो गया ऐसा महसूस कर रहा हूँ. ऐसा महसूस हो रहा जैसे कि आज कुछ घंटे में ही मैंने अपनी पूरी 1994-2025 (31 वर्ष) जिंदगी जी ली. अब कोई इच्छा नहीं रही. ह्रदय को ऐसा महसूस हो रहा है जैसे मुझे जीते जी मोक्ष की प्राप्ति हो गई. अब इस जीवन से कोई अभिलाषा नहीं रही.
उसका सामना करने की हिम्मत नहीं हो रही थी. बहुत डर रहा था यह सोचकर कि:
कहीं उससे बात करते समय भावुक होकर मेरी निगाहों से पानी की धारा बरबस न निकल पड़े!
कहीं मैं जज़्बाती होकर उससे लिपट कर रोने न लग जाऊं!
इस डर के साथ मुलाकात करने जाना और फिर ह्रदय की सारी भावुकता पर विजय प्राप्त करते हुए मुलाक़ात कर लेना मेरे लिए किसी युद्ध पर विजय प्राप्त कर लेना जैसा था.
आखिर में, उसे छोड़ते समय, उसके अपार्टमेंट के सामने मैंने अपनी कार रोकी और गेट खोलकर बाहर खड़ा हो गया. पीछे की सीट से वह निकली और अपने अपार्टमेंट के अंदर दाखिल हो गई. उसके जाते ही अचानक मैंने अपनी कार के पीछे की सीट का दरवाजा खोला और अपने हाथों से कार के अंदर उस जगह की मिट्टी को स्पर्श किया जहाँ उसके पैर पड़े थे और उस मिट्टी को सजदा करते हुए अपने सर पर लगा लिया और मैंने जीते जी ऐसा महसूस किया जैसे मुझे जीवन का अंतिम दर्शन प्राप्त हो गया हो. शब्द नहीं है इन एहसासों को क्या लिखूं जो मैंने ऐसा करके सुखद एहसास किया. ईश्वर उसे हमेशा खुश रखे.
ह्रदय में उस शख्स के प्रति कृतज्ञता के पुष्प अर्पित करते हुए वापस आ रहा था जिसने मुझे मेरे दिल की धड़कन से मिलवाया था. ईश्वर उसे खुश रखे. वापस आते वक़्त उसे याद करके निगाहें बेवजह बरबस पानी बहा रहा था और ह्रदय चित्कार कर रहा था. उसका नाम लेकर चीख रहा था. उससे लिपटकर, उसे अपनी बांहों में भींचकर चीख-चीखकर रोने की इच्छा जता रहा था.
ईश्वर उसे हमेशा खुश रखे. 🙏
सोमवार, 4 अगस्त 2025
हे धरती माँ, मुझको अपने आप में समाहित कर लो
हे धरती माँ, मुझको अपने आप में समाहित कर लो.
इतने वर्षो (2025 - 1994) की पीड़ा को ह्रदय में दफनाये जी रहा. इस जीवन में सारे रिश्ते - नातों को सहेजने की पूर्णतः कोशिश की. इस दौरान चार बार आत्मह्त्या की भी असफल कोशिश की मगर फिर भी 47 बरस जिंदगी के काट लिए.
न जाने क्यूँ माता सीता का धरती में समाहित होने का प्रसंग बरबस याद आ रहा:
अयोध्या के राजमहल में देवी सीता आती हैं। सीता जी अपने चरित्र का प्रमाण देते हुए हाथ जोड़कर और प्रभु श्रीराम को देखे बिना कहती हैं कि "यदि मैं पवित्र हूं और मैंने प्रभु श्रीराम के अतिरिक्त किसी और के बारे में सोचा भी ना हो, तो धरती मां मैं आप में समा जाऊं। कृपया मुझे अपने साथ ले चलो।" सीता के मुख से यह बात सुनकर राजमहल की धरती तुरंत फट गई और स्वंय देवी धरा आकर सीता माता को अपने साथ ले गई। अपने सामने ऐसा विचित्र नजारा देखकर राजमहल में मौजूद लोग वैसे ही खड़े रह गए और माता सीता धरती में समा गईं।
कुछ इसी तरह, हे धरती माँ, मुझको अपने आप में समाहित कर लो. अब यही भाव मेरे ह्रदय में पैदा हो रहे.
तुमसे मुलाक़ात, और मेरी जिंदगी की सारी आरजू समाप्त.
हे धरती माँ, मुझको अपने आप में समाहित कर लो.
गुरुवार, 10 जुलाई 2025
फिर से एक मुलाकात की ख्वाहिश
वर्ष 2024 मेरे जीवन का काफी उथल-पुथल भर वर्ष रहा।
अप्रैल 2024 की घटना, जब मेरे छोटे भाई ने अपने एकलौते पुत्र को खो दिया, ने मेरे जीवन में काफी कुछ बदलाव कर दिया। इस घटना ने मेरे जीवन के प्रति मेरे नजरिए को पूरी तरह से ही बदल कर रख दिया। इसी बीच 31 अगस्त, 2024 को लगभग 21 वर्षों के बाद मुझसे मेरी जिंदगी की अचानक मुलाकात भी हुई और उसे ठीक से नहीं देख पाने का मलाल भी रहा।
जीवन में अगले जन्म का इंतजार करने की चाह के साथ-साथ जीवन को पल-पल गुजारने वाले चिंतन करते हुए मेरे जीवन में राधे-कृष्ण का प्रवेश तथा दिसंबर 2024 आते-आते मुझे ऐसा महसूस हो चला कि अब मेरा कोई और जन्म नहीं होनेवाला, मनुष्य के रूप में शायद मेरा यही अंतिम जन्म है। इस भाव के साथ जीवन जीना भी कितना सुकून भरा है। सब कुछ राधे-कृष्ण की कृपा से हो रहा है अब तो यही लगता है।
अब न कोई अगला जन्म, वो मेरी डायरी के पन्ने, वो इंतजार, कई अनकही बातें, कई अधूरी ख्वाहिशें - सब कुछ नजारा बदल सा गया। यही सोचते हुए कुछ दिनों पहले न जाने क्यूँ मेरी जिंदगी से फिर से एक मुलाकात की ख्वाहिश मेरे हृदय में पनपी और मैंने अपनी एक दीदी से उससे मुलाकात कराने का अनुरोध भी कर दिया मगर फिर मेरे हृदय में 20 मई 2001 की घटना तरोताजा हो गई ( पढ़ें 20 मई, 2001 की कहानी) कि किस परिस्थिति में मैंने उससे एक अंतिम मुलाकात करने की अर्जी उससे लगाई थी और उसने मुझसे क्या कुछ कहकर मिलने से मना कर दिया था। यह सोचकर मैं डर गया और दीदी से आज मुलाकात कराने के अपने अनुरोध को माफी मांगते हुए वापस ले लिए।
मेरे जीवन का अब कोई भरोसा नहीं। न जाने किस मोड पर कहाँ रुक जाए, ऐसा हृदय से महसूस कर रहा हूँ। मेरे प्रति उसके हृदय में बसी नफ़रतों की यादें आज भी मेरे साथ हमेशा सफर करती है।
उसके बोले गए शब्दों "हम आपको लाइक नहीं करते" (पढ़ें पूरी कहानी) से लेकर "अपनी लिए एक लड़की तो ढूंढ नहीं पा रहा और चला है मेरे लिए लड़का ढूँढने" को याद करके मेरा हृदय आज भी जार-जार होता है। मगर शायद यही जिंदगी है।
अब इस जीवन में किसी से कोई शिकायत नहीं रही। ईश्वर की भी मुझ पर असीम कृपा रही है।
हृदय के अरमानों को अब एक छोर से दूसरे छोर तक बांधने की कोशिश में लगा हूँ। देखता हूँ कहाँ तक सफल हो पाता हूँ।
शनिवार, 31 अगस्त 2024
जब वी मेट (21 साल के बाद)
31.08.2024 दिन शनिवार जब तुमसे हम 21 वर्षो के बाद मिले मगर अफ़सोस अपनी हालत का मैंने बिलकुल अगस्त 1994 जैसा महसूस किया. दो पल ठीक से तुम्हें देखने की हिम्मत तक जुटा नहीं पाया, इसका अफ़सोस है.
कुछ देर साथ थे, कुछ टूटी-फूटी बातें भी हुई और फिर हम पहले की तरह एक दूसरे से जुदा हो गए. आज तुम्हारे साथ बिताये इन लम्हो ने एक बात साबित कर दिया कि इतने वर्षो बाद न तुम बदली और न मैं, अगर बदला है तो सिर्फ यह वक़्त.
वर्षो बाद तुमसे मुलाक़ात के लिए उस परमेश्वर का आभार व्यक्त करता हूँ जिसने मुझे तुमसे मिलने में यहां महत्वपूर्ण कड़ी का काम किया और खुद को आज मैं बड़ा सौभाग्यशाली समझता हूँ, जरूर यह मेरे किसी पूर्व जन्म के पुण्यो का प्रतिफल है.
तुम्हारी खुशियों की दुआ करता हूँ. ईश्वर हमेशा तुम्हें खुश रखे.
शुक्रवार, 2 फ़रवरी 2024
शनिवार, 6 जून 2020
इंसानियत का दुश्मन
गुरुवार, 14 मई 2020
बाघा बार्डर
कुछ गलती जिन्ना ने भी की होगी
गुरुवार, 19 दिसंबर 2019
नागरिकता विधेयक 2019
नागरिकता कानून, 1955 का संबंध भारतीय नागरिकता अधिग्रहण करने और नागरिकता तय करने के लिए है।भारत के संविधान के साथ ही नागरिकता कानून, 1955 में भारत की नागरिकता से संबंधित विस्तृत कानून है।किसी व्यक्ति को नागरिकता देने के लिए भारत के संविधान के अनुच्छेद 5 से 11 (पार्ट II) में प्रावधान किए गए हैं।
नागरिकता संशोधन विधेयक, 2016 क्या था?
नागरिकता कानून, 1955 में बदलाव के लिए नागरिकता संशोधन विधेयक, 2016 पेश किया गया था। यह विधेयक 19 जुलाई, 2016 को पेश किया गया था। इसमें भारत के तीन मुस्लिम पड़ोसी देशों बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए अवैध गैर मुस्लिम शरणार्थियों को नागरिकता देने का प्रावधान है। 12 अगस्त, 2016 को इसे संयुक्त संसदीय कमिटी के पास भेजा गया था। कमिटी ने 7 जनवरी, 2019 को अपनी रिपोर्ट सौंपी। उसके बाद अगले दिन यानी 8 जनवरी, 2019 को विधेयक को लोकसभा में पास किया गया। लेकिन उस समय राज्य सभा में यह विधेयक पेश नहीं हो पाया था। इस विधेयक को शीतकालीन सत्र में सरकार की ओर से फिर से पेश किया गया।
नागरिकता विधेयक, 2019 फिर से क्यों पेश करना पड़ा?
संसदीय प्रक्रियाओं के नियम के मुताबिक, अगर कोई विधेयक लोकसभा में पास हो जाता है लेकिन राज्य सभा में पास नहीं हो पाता और लोकसभा का कार्यकाल समाप्त हो जाता है तो वह विधेयक निष्प्रभावी हो जाता है यानी उसको फिर से दोनों सदनों में पास कराना होगा। वहीं राज्य सभा से संबंधित नियम अलग है। अगर कोई विधेयक राज्य सभा में लंबित हो और लोकसभा से पास नहीं हो पाता और लोकसभा भंग हो जाती है तो वह विधेयक निष्प्रभावी नहीं होता है। चूंकि यह विधेयक राज्यसभा से पास नहीं हो पाया था और इसी बीच 16वीं लोकसभा का कार्यकाल समाप्त हो गया, इसलिए इस विधेयक को फिर से दोनों सदन में पास कराना पड़ा। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के बाद यह कानून बन गया।
अब नए कानून में क्या है प्रावधान?
नागरिकता संशोधन कानून 2019 में अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से आए हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और क्रिस्चन धर्मों के प्रवासियों के लिए नागरिकता के नियम को आसान बनाया गया है। पहले किसी व्यक्ति को भारत की नागरिकता हासिल करने के लिए कम से कम पिछले 11 साल से यहां रहना अनिवार्य था। इस नियम को आसान बनाकर नागरिकता हासिल करने की अवधि को एक साल से लेकर 6 साल किया गया है यानी इन तीनों देशों के ऊपर उल्लिखित छह धर्मों के बीते एक से छह सालों में भारत आकर बसे लोगों को नागरिकता मिल सकेगी। आसान शब्दों में कहा जाए तो भारत के तीन मुस्लिम बहुसंख्यक पड़ोसी देशों से आए गैर मुस्लिम प्रवासियों को नागरिकता देने के नियम को आसान बनाया गया है।





